नई दिल्ली. तीन नए कृषि कानूनों पर केन्द्रीय मंत्रिमंडल से बाहर आए अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने आरोप लगाया है कि आज किसानों को राष्ट्रद्रोही कह रही भाजपा कल जवानों पर भी इस तरह के आरोप लगा सकती है।
बादल ने कहा कि भाजपा ने पहले हिंदुओं को मुस्लिमों के खिलाफ किया। यह पार्टी सबसे शक्तिशाली विभाजनकारी शक्ति बन गई है। उन्होंने कहा कि अगर कोई केंद्र सरकार के पक्ष में बोलता है तो उसे ‘देश भक्त’ कहा जाता है और यदि वह उसके खिलाफ बोलता है तो उसे ‘टुकड़े-टुकड़े गैंग’ कहा जाता है। बादल ने आरोप लगाया कि भाजपा असली टुकड़े-टुकड़े गैंग है।
उसने देश की एकता को टुकड़ों में बांट दिया है। बेशर्मी से हिंदुओं को मुस्लिमों के खिलाफ उकसा रही है और अब शांतिप्रिय पंजाबी हिंदुओं को उनके सिख भाइयों खासकर किसानों के खिलाफ कर रही है। वे देशभक्त पंजाब को सांप्रदायिकता की आग में धकेल रहे हैं।
भाजपा को छोड़कर पूरा देश कृतज्ञता के साथ किसानों और जवानों के ऋण को स्वीकार करता है। बादल ने कहा कि आज वह किसानों के खिलाफ है। कोई नहीं जानता कि भाजपा को कल जवानों के बारे में क्या कहेगी। उनका मानना है कि सरकार अंबानी और अडानी जैसे बड़े कॉरपोरेट समूहों के एकाधिकार के लिए रास्ता खोलने की तैयारी कर रही है। इधर इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार किसानों ने रुख सख्त कर लिया है और कहा है कि वे सरकार से इन कानूनों को खत्म करवाकर मानेंगे।